Friday, October 19, 2012

एक राग में दो बंदिशें, रोनू की बांसुरी ने बांधा समां

स्पिक-मैके का आयोजन हुआ श्री शंकराचार्य टेक्नीकल कैम्पस में 

हिंदी फिल्मों के अलावा देश-विदेश में शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले प्रख्यात बांसुरी वादक रोनू मजुमदार की बांसुरी ने 17 अक्टूबर 2012 बुधवार की शाम कुछ ऐसा रंग जमाया कि सुनने वाले दम साधे बैठे रहे। 

एक राग में दो बंदिशें, कुछ कजरी का रंग और 'ठुमक चलत रामचंद्र' भजन में दिग्गज पं. विष्णु दिगंबर पलुस्कर की याद दिलाता 'रामचंद्र' का उच्चारण...सब कुछ घंटे भर की छोटी सी सभा में कब बीत गया श्रोताओं को पता ही नहीं चला।

मौका था श्री शंकराचार्य टेक्निकल कैंपस के सहयोग से संस्था स्पिक-मैके की ओर से 'विरासत-2012' के आयोजन का। 

इसमें जाने-माने बांसुरी वादक पं. रोनू मजुमदार ने अपनी बांसुरी का जादू जगाया। इंजीनियरिंग स्टूडेंट और शहर के गणमान्य लोगों के बीच पं. मजूमदार ने परिसंवाद के साथ अपनी प्रस्तुति दी। इंजीनियरिंग स्टूडेंट से रूबरू होते हुए उन्होंने पूछा कि इस वक्त (शाम) का राग प्रस्तुत करुंगा, क्या कोई इस राग का नाम बता सकता है? 

इस पर स्टूडेंट के बीच से सही जवाब आया-मधुवंती। पं. मजुमदार ने राग मधुवंती में झप ताल और तीन ताल में दो बंदिशें पेश की। इस दौरान कई मौके ऐसे आए जब उनकी बांसुरी के सुरों का सुरूर लोगों के सिर चढ़ कर बोला और तालियां गूंजने लगी। 

इस पर पं. मजुमदार ने विनम्रता से कहा कि-इससे और अच्छा बजाउंगा तब ताली बजाइए। हालांकि इसके बाद भी तालियां रुकी नहीं। उनके साथ तबले पर संगत की देश-विदेश में अपनी थाप का रंग जमा रहे भिलाई के युवा पं. पार्थसारथी मुखर्जी ने। वहीं सहायक के तौर पर पं. मजुमदार के साथ कमलेश भी बांसुरी थामे मंच पर थे।

इसके बाद पं. मजुमदार ने दर्शकों की फरमाइशों को ध्यान में रखते हुए 'ठुमक चलत रामचंद्र' भजन बांसुरी की धुन पर सुनाया। हालांकि बांसुरी वादन करते-करते पं. मजुमदार इस कदर भावुक हो गए कि उन्हें शास्त्रीय संगीत के दिग्गज पं. विष्णु दिगंबर पलुस्कर की याद आ गई और उन्होंने भजन की कुछ पंक्तियों के आधार पर हूबहू पं. पलुस्कर की शैली में 'रामचंद्र' का उच्चारण कर एक अलग समा बांध दिया। 

इसके बाद उन्होंने बांसुरी से कजरी का रंग भी बिखेरा। प्रस्तुति के बाद पं. मजुमदार का सम्मान करते हुए श्री शंकराचार्य ग्रुप के निदेशक डॉ. पीबी देशमुख ने सिर्फ एक पंक्ति में पूरी बात कह दी कि-आज कृष्ण के दर्शन हो गए। 

पं. पार्थसारथी का डॉ. साकेत रंजन प्रवीर और कमलेश का डॉ. आरएन खरे ने सम्मान किया। इस पूरे आयोजन में युवाओं के बीच शास्त्रीय संगीत और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय संस्था सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमंग्स्ट यूथ (स्पिक मैके) के दुर्ग जिला प्रमुख एसवी नंदनवार की सराहनीय भूमिका रही।

..तो कैलिफोर्निया से आएंगे राग

इंजीनियरिंग स्टूडेंट के बीच से कॉलेज के रॉक बैंड के विपुल ने पं. मजुमदार के बांसुरी वादन के बाद अपनी बात रखते हुए कहा कि आज ऐसा लग रहा है कि हम अपने कल्चर से दूर होते जा रहे हैं। अब हम कोशिश करेंगे कि हम अपने संगीत को बढ़ावा देने कुछ करें। 

इस पर पं. मजुमदार ने कहा कि युवा अपनी जवाबदारी समझ रहे हैं यह बहुत अच्छा संकेत है। वरना आज आयुर्वेद में जर्मनी हमसे कहीं आगे निकल गया है और वह दिन दूर नहीं जब हमें अपने रागों के लिए कैलिफोर्निया का मुंह ताकना पड़ेगा।

Tuesday, October 16, 2012

सुप्रीम कोर्ट की राहत के बावजूद पेंच बरकरार

विश्वविद्यालय का रुख अभी भी साफ नहीं, कॉलेज 

आश्वस्त कि दाखिले के बाद नामांकन हो ही जाएगा

सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के इंजीनियरिंग कॉलेजों को भले ही 15 फीसदी सीटों पर मैनेजमेंट कोटे के तहत दाखिला लेने हरी झंडी दे दी हो लेकिन पेंच अभी भी बरकरार है। पिछले साल दूसरी पाली की कक्षाओं के मामले में अदालती कार्रवाई झेल रहा छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय मैनेजमेंट कोटे के तहत दाखिला लेने वाले स्टूडेंट के नामांकन के लिए 'न्यायसंगत रास्ता' कैसे निकालेगा यह भी बड़ा सवाल है।
सुप्रीम कोर्ट के 3 अक्टूबर के फैसले के बाद तकनीकी शिक्षा संचालनालय (डीटीई) छत्तीसगढ़ ने 34 कॉलेजों को एक पत्र जारी कर मैनेजमेंट कोटे के तहत संस्था स्तर पर 30 अक्टूबर तक दाखिला प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति दी है। इसके तहत महीने भर में इन 34 कॉलेजों की 2974 सीटों पर दाखिला शुरू हो गया है। इस दाखिले के बाद स्टूडेंट कक्षा और परीक्षा में शामिल हो सकें, इसके लिए जरूरी होगा कि इनका नामांकन छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय से हो। विश्वविद्यालय ने नियमित दाखिले के तहत 7 काउंसिलिंग के बाद 30 सितंबर को नामांकन समाप्त कर दिया है। अब बड़ा सवाल यही है कि इस माह दाखिला लेने वाले स्टूडेंट का नामांकन कैसे होगा।
हालांकि सुप्रीम कोर्ट के रुख के बाद दाखिला शुरू कर चुके निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों को उम्मीद है कि अंतत: विश्वविद्यालय कोई न कोई रास्ता निकाल लेगा। इन कॉलेजों के संचालकों का कहना है कि चूंकि नामांकन 30 सितंबर तक हो चुका है, इसलिए विवि को नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करनी होगी। क्योंकि यह सीधा सा मामला है कि काउंसिलिंग 27 सितंबर को खत्म हुई है उसका नामांकन 30 सितंबर तक हुआ है। अब चूंकि डीटीई ने 30 अक्टूबर तक दाखिला लेने कहा है तो विवि भी नामांकन के लिए रास्ता निकालेगा। निजी कॉलेज संचालकों का कहना है कि इस माह दाखिला लेने वाले स्टूडेंट की पढ़ाई न पिछड़े इसके लिए छुट्टियों में कटौती और एक्सट्रा क्लासेस जैसे कदम उठाए जाएंगे। इधर विवि अपने रुख पर कायम है। विवि के जिम्मेदार लोग ऑफ द रिकार्ड कह रहे हैं कि दूसरी पाली के दाखिले को लेकर चल रही अदालती कार्रवाई के बाद इस मामले में भी सोच-समझ कर कदम उठाया जाएगा।
--------
एक लैंड मार्क को मिटाने की कोशिश हुई थी जो अब दूर हो गई है। हमें पूरी उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट के रुख के बाद जब शासन ने हमें दाखिले की अनुमति दी है तो विश्वविद्यालय भी नामांकन के लिए रास्ता निकालेगा। मैनेजमेंट कोटा हमारा अधिकार है और छुट्टियां कम कर व एक्स्ट्रा क्लासेस के साथ हम हर हाल में कोर्स पूरा करवाएंगे।
संजय रूंगटा, चेयरमैन निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों के संगठन 'एपिक'
----------
सर्वोच्च न्यायालय ने यह कहां कह दिया है कि मैनेजमेंट कोटे से दाखिला लेने वालों के लिए  विश्वविद्यालय अपने सारे नियम शिथिल कर दे। अभी जो दाखिले हो रहे हैं वो मेरिट के आधार पर तो नहीं है। पहले डीटीई इनका परीक्षण करेगा,उसके बाद विश्वविद्यालय भी देखेगा कि ये सारे दाखिले सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देश का पालन करते हुए दिए गए हैं या नहीं। उसके बाद जही हम न्यायसंगत निर्णय लेंगे।
डॉ. अशोक दुबे, रजिस्ट्रार छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई

बुद्ध-रामदास के बाद नीतीश समाज सुधारक


बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और इस वक्त देश के सबसे उम्रदराज सांसद रामसुंदर दास (92) ने अपने मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गौतम बुद्ध और संत रामदास के बाद तीसरा बड़ा समाज सुधारक बताया है। 1979-80 में बिहार के मुख्यमंत्री रहे श्री दास को फिलहाल मध्यावधि आम चुनाव की कोई संभावना नजर नहीं आती है। सबसे बुजुर्ग सांसद श्री दास का संकल्प है कि जब तक शरीर में प्राण है, वह सार्वजनिक जीवन में रहते हुए देश सेवा करते रहेंगे।
यहां लोकनायक जयप्रकाश नारायण के जयंती समारोह में शामिल होने आए जनता दल (यू) के सांसद श्री दास ने चर्चा करते हुए कहा कि भगवान बुद्ध ने उन सारे दलित और पिछड़े लोगों को जोडऩे का काम किया, जो अरसे से उपेक्षित थे। उनके बाद 13 वीं शताब्दी में स्वामी रामानंद हुए। जिनके कबीर सहित 12 शिष्यों में 9 शूद्र थे। उन्होंने भी समाज को जोड़ा। इन दोनों के बाद अब बिहार में नीतीश कुमार भी उन्हीं टूटी हुई कडिय़ों को जोडऩे का काम कर रहे हैं। नीतीश की सभाओं में हंगामे के सवाल पर श्री दास ने कहा कि हमारे बिहार में 'सूप और छलनी' वाली कहावत है।
बस इसी तरह कुछ लोग जिनका लगातार पराभव हो रहा है, वो ऐसी हरकत कर रहे हैं। कद्दावर नेता रामविलास पासवान को हरा कर हाजीपुर से सांसद श्री दास ने तीसरे मोर्चे के सवाल पर मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सवाल तो उन्हीं लोगों से पूछिए जो कभी कहते हैं तीसरा मोर्चा बनेगा और फिर अपनी बात से पलट भी जाते हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार को समर्थन भी जारी रखे हुए हैं। श्री दास ने कहा कि घोटाले और भ्रष्टाचार से कांग्रेस गठबंधन सरकार घिरी हुई जरूर नजर आ रही है लेकिन फिलहाल ऐसी कोई संभावना नहीं दिखती कि अगले साल मध्यावधि आम चुनाव हो जाएंगे।
तीसरा मोर्चा बनने की स्थिति में भाजपा नीत एनडीए गठबंधन से जदयू के अलग होने की संभावनाओं पर श्री दास ने कहा कि ऐसा कुछ है ही नहीं तो इस पर क्या बात करना। 92 साल की उम्र में भी राजनीति में सक्रियता के सवाल पर श्री दास ने कहा कि  जब तक सांस चलेगी और शरीर साथ देगा वह सार्वजनिक जीवन में रहते हुए देश सेवा करते रहेंगे। श्री दास ने कहा कि जरूरी नहीं कि यह सेवा एमपी या एमएलए रहते हुए ही की जाए।
----------
गाछे कटहर ओछे तेल
एनडीए में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की संभावनाओं के बारे में जवाब देते हुए श्री दास ने कहा कि हमारे यहां कहावत है 'गाछे कटहर ओछे तेल' यानि कटहल पेड़ पर फला हुआ है और आप अपने ओंठ पर तेल लगा रहे हैं कि हम कटहल खा रहे हैं। कुछ ऐसा ही मामला यहां है। अभी तो खुद भाजपा में ही ढेर सारे उम्मीदवार हैं। फिर एनडीए एक गठबंधन है। जब मौका आएगा तो इसमें शामिल सारी पार्टियां एक साथ बैठेंगी और जो सर्वसम्मति से तय होगा उसे समर्थन दिया जाएगा। नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की संभावनाओं पर श्री दास ने कहा कि अभी कहना जल्दबाजी होगी, वैसे भी खुद नीतीश ने कहा है कि वह फिलहाल अपने बिहार की सेवा करना चाहते हैं।